रांची. झारखंड विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में कुल 20 विस क्षेत्र हैं, जहां का चुनाव प्रचार गुरुवार शाम 3 बजे थम गया। सात जिलों में फैले इन 20 विधानसभा क्षेत्रों में 7 दिसंबर को वोट पड़ेंगे। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी विनय कुमार चौबे ने बताया कि जमशेदपुर पूर्वी और जमशेदपुर पश्चिमी विधानसभा क्षेत्र में शनिवार सुबह 7 बजे से लेकर अपराह्न 5 बजे तक वोट डाले जाएंगे। जबकि अन्य 18 विधानसभा क्षेत्रों में सुबह 7 बजे से लेकर अपराह्न 3 बजे तक मतदान होगा।
इन 20 विधानसभा क्षेत्रों में से 16 अनुसूचित जनजातियों के लिए, जबकि एक अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित है। शेष तीन सीटें सामान्य श्रेणी की हैं। इन विधानसभा क्षेत्रों के चुनाव मैदान में 231 पुरुष और 29 महिला समेत कुल 260 प्रत्याशी अपना भाग्य आजमा रहे हैं। जमशेदपुर पूर्वी और जमशेदपुर पश्चिमी सीट से सबसे ज्यादा 20-20 प्रत्याशी तो सरायकेला से सबसे कम 7 उम्मीदवार खड़े हैं। पोटका, चाईबासा और मनोहरपुर सीट से सबसे ज्यादा 3-3 महिला उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।
प्रमुख उम्मीदवार
मुख्यमंत्री रघुवर दास, विधानसभा अध्यक्ष दिनेश उरांव, ग्रामीण विकास मंत्री नीलकंठ सिंह मुंडा, जल संसाधन मंत्री रामचंद्र सहिस, निवर्तमान मंत्री सरयू राय, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा, पूर्व मंत्री चंपई सोरेन, बन्ना गुप्ता, जोबा मांझी, पूर्व गृह सचिव जेबी तुबिद, प्रदीप कुमार बलमुचू, कुणाल षाड़ंगी, दीपक बिरुआ, राजा पीटर और कुंदन पाहन।
कहां होना है मतदान
बहरागोड़ा, घाटशिला, पोटका, जुगसलाई, जमशेदपुर पूर्वी, जमशेदपुर पश्चिमी, सरायकेला, खरसावां, चाईबासा, मझगांव, जगरनाथपुर, मनोहरपुर, चक्रधरपुर, तमाड़, सिसई, मांडर, तोरपा, खूंटी, सिमडेगा, कोलेबिरा
4 से ड्राई डे, नहीं बिकेगी शराब
दूसरे चरण के चुनाव से संबंधित जिलों और सीमावर्ती जिलों में गुरुवार अपराह्न 3 बजे से ड्राई डे प्रभावी हो गया। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी विनय चौबे ने बताया कि ड्राई डे के अनुपालन को सुनिश्चित करने के लिए संबंधित जिलों के उपायुक्तों को आवश्यक निर्देश दे दिए गए हैं।